आखरी रास्ता
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मंगलवार आधी रात से पूरे देश में लॉकडाउन का ऐलान किया
प्रधानमंत्री मोदी ने मंगलवार को देश को संबोधित करते हुए 21 दिन के अनिवार्य लॉकडाउन का ऐलान करते हुए कहा था कि इसे लोग कर्फ्यू ही मानें।
प्रधानमंत्री ने कहा- अगर आप 21 दिन नहीं संभले तो आपका देश और आपका परिवार 21 साल पीछे चला जाएगा
नई दिल्ली. कोरोना का कहर रोकने के लिए दुनिया का सबसे बड़ा लॉकडाउन भारत में शुरू हो चुका है। यह मंगलवार रात 12 बजे से शुरू होकर अगले 21 दिन तक चलेगा। यानी 14 अप्रैल तक। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 5 दिन में दूसरी बार कोरोनावायरस के मुद्दे पर देश के नाम संबोधन में इसकी घोषणा की। प्रधानमंत्री की इस घोषणा का मतलब है कि अगले 21 दिनों तक न कोई ट्रेन चलेगी, न हवाई जहाज उड़ेंगे और न ही बसें चलेंगी। यानी सब पर पाबंदी, सब कुछ बंद रहेगा। 130
करोड़ से ज्यादा आबादी घरों में रहेगी।
1. हर राज्य, जिला, गली-मोहल्ला लॉकडाउन किया जा रहा
प्रधानमंत्री ने कहा- अगर लापरवाही जारी रही तो भारत को इसकी बहुत बड़ी कीमत चुकानी पड़ सकती है। यह कीमत कितनी चुकानी पड़ेगी, इसका अंदाजा लगाना मुश्किल है। देश में दो दिनों से कई भागों में लॉकडाउन कर दिया गया है। राज्य सरकार के इन प्रयासों को गंभीरता से लेना चाहिए। हेल्थ सेक्टर के अनुभवों को ध्यान में रखते हुए देश महत्वपूर्ण निर्णय करने जा रहा है। आज रात 12 बजे से पूरे देश में पूरा लॉकडाउन होने जा रहा है। हिंदुस्तान को बचाने के लिए, हर नागरिक को बचाने के लिए, आपके परिवार और आपको बचाने के लिए आज रात 12 बजे से घरों से बाहर निकलने पर पूरी तरह पाबंदी लगाई जा रही है। राज्य, केंद्र शासित प्रदेश, हर जिला, गांव, कस्बा, गली-मोहल्ला लॉकडाउन किया जा रहा है। यह एक तरह से कर्फ्यू ही है। जनता कर्फ्यू से जरा ज्यादा सख्त है। कोरोना महामारी के खिलाफ निर्णायक लड़ाई के लिए यह कदम बहुत आवश्यक है।
10 सवाल से समझें आपकी रोजमर्रा की कौन-कौन सी चीजों पर पड़ेगा असर
#Q-1) लॉकडाउन का क्या मतलब है?
लॉकडाउन में लोगों को घरों से निकलने की अनुमति नहीं होती। उन्हें सिर्फ दवा, अनाज या फिर बैंक व एटीएम से पैसा निकालने जैसी जरूरी चीजों के लिए बाहर आने की इजाजत मिलती है।
#Q-2) लॉकडाउन में कौन सी सुविधाएं मिलती रहेंगी?
पुलिस थाने, अस्पताल, अग्नि शमन विभाग, जेल, महत्वपूर्ण सरकारी दफ़्तर, खाद्यान्न, किराना स्टोर।
बिजली-पानी, इंटरनेट, बैंकिंग और एटीएम सुविधा।
पोस्ट ऑफिस, प्रिंट और इलेक्ट्रॉनिक मीडिया को अनुमति।
#Q-3) लॉकडाउन के दौरान क्या-क्या बंद रहेगा?
दुकानें, बड़े स्टोर, फैक्ट्रियाँ, वर्कशॉप, दफ़्तर, गोदाम, साप्ताहिक बाजार।
सार्वजनिक परिवहन बंद, कुछ राज्यों में 25%
सरकारी बसें चलेंगी।
एक से दूसरे राज्य को जोड़ने वाली बस और रेल सेवाएं, धार्मिक और सामाजिक कार्यक्रम।
#Q-4) क्या लोग अपने वाहन से बाहर जा सकेंगे?
अति-आवश्यक काम जैसे मेडिकल इमरजेंसी की जरूरत में एंबुलेंस की सेवाएं ली जा सकती हैं। या कोई अन्य आपातकाल हो तो आपकी सुरक्षा व्यवस्था से जुड़े प्रशासन के लोगों से मदद लेनी होगी। अपने निजी वाहन से घूमने फिरने की अनुमति नहीं होगी।
#Q-5) क्या रोजमर्रा की जरूरतें उपलब्ध होंगी?
सब्जी- फल, किराना, दूध, दवाएं आदि रोज काम आने वाली जरूरी वस्तुएं इस लॉकडाउन के दायरे से बाहर रहेंगी।
#Q-6) दिनचर्या का क्या? मैं पार्क में वॉक कर सकूंगा?
यह लॉकडाउन आपकी जिंदगी को सुरक्षित बनाने के लिए है। यदि आप घर से बाहर जाएंगे तो दूसरों के संपर्क में आ जाएंगे, जो आपकी सेहत के लिए जानलेवा भी हो सकता है। लॉकडाउन इसीलिए है। अति आवश्यक होने जैसे अस्तपताल, बैंक में पैसा निकालने, किराना-डेयरी का सामान खरदीने आदि के लिए ही आपको अपने घर से बाहर निकलना होगा।
#Q-7) वैवाहिक या अन्य कार्यक्रमों का क्या होगा?
अभी कोरोनावायरस से वैसे ही हालात खराब है। ऐसे में किसी भी सामूहिक सामाजिक कार्यक्रम के आयोजन की अनुमति नहीं है। यदि आवश्यक ही हाे ताे इसकी मंजूरी प्रशासन से लेनी होगी।
#Q-8) लॉकडाउन में सरकारी-प्राइवेट संस्थान बंद हैं?
सब बंद हैं। सिर्फ जरूरी आपातकालीन सेवाओं से जुड़े विभाग के ऑफिस ही खुले रहेंगे।
#Q-9) क्या पेट्रोल, घरेलू गैस और इंटरनेट मिलेगा?
पेट्रोल-सीएनजी और घरेलू गैस और इंटरनेट सेवाओं को इससे अलग रखा गया है। जरूरत पड़ने पर वाहन में पेट्रोल-सीएनजी भरवा सकते हैं। नंबर लगाने के बाद सामान्य दिनों की भांति आपके घर गैस पहुंचेगी। इंटरनेट चालू रहेगा।
#Q-10) निजी अस्पताल में चिकित्सीय सेवाएं मिलेगी?
निजी अस्पताल में भी सेवाएं मिलती रहेंगी। छोटी-मोटी परेशानी के लिए अपने फैमिली डॉक्टर से बात कर सकते हैं।
Very nice, updated information..
ReplyDeleteStay at home..